एक और धमाका बाकी है
एक और धमाका!
अब तो हमको सो जाने दो
एक और धमाका!
एक और धमाका होने दो
एक और धमाका!
कुछ मरते हैं मर जाने दो
कुछ कटते हैं कट जाने दो
एक और धमाका बाकी है
एक और धमाका!
अब नयी बात यह नहीं रही
पक चुके कान इसको सुनकर
कुछ और धमाके होने दो
एक और धमाका!
एक और धमाका होने दो
एक और धमाका!
होने दो धमाके दिन व रात
बस अबके मान लो एक बात
एक दिन के लिए उपवास करो
इस देश के सारे नेताओ!
अपनी अपनी सिक्योरिटी का
एक दिन के लिए परित्याग करो
फिर और धमाके होने दो
एक और धमाका!
फिर अगर न भय तुमको आए
फिर अगर बचे तुम रह जाओ
तो फिर से धमाकों को लेकर
हरदम पूरा आनन्द गहो
एक और धमाका बाकी है
एक और धमाका!
